औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्रों की खुली पोल, कई कर्मचारी मिले नदारद

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने रविवार को पल्हनी विकास खंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनचोभा और महराजपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों केंद्रों पर साफ-सफाई की व्यवस्था बदहाल मिली, जबकि कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद पाए गए। सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों से दो कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुपस्थिति अवधि का वेतन काटने के साथ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनचोभा पर संजीव कुमार सिंह (एसएलए), डॉ. प्रफुल्ल कुमार (मेडिकल ऑफिसर) और संजना यादव (बीएचडब्ल्यू) अनुपस्थित मिलीं। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजपुर पर एएनएम दीपा राय पिछले तीन दिनों से अनुपस्थित पाई गईं, जबकि डॉ. श्वेता मिश्रा निरीक्षण के दिन ड्यूटी से गायब मिलीं।
सीएमओ ने दोनों केंद्रों पर तत्काल साफ-सफाई दुरुस्त कराने और चिकित्सकों सहित सभी कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों की साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता, समयबद्ध उपस्थिति और मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *