आधुनिकता के दौर में बदलती छठ पूजा

शेयर करे

मार्टिनगंज, आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रकृति की आराधना, सूर्य उपासना और अटूट अनुशासन का प्रतीक लोक आस्था का महापर्व डाला छठ आज भी पूरी निष्ठा के साथ मनाया जा रहा है, लेकिन वक्त के साथ आधुनिकता की दौड़ और भौतिकवादी संस्कृति ने इस पवित्र पर्व के कई मूल स्वरूपों को धुंधला करना शुरू कर दिया है। मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी अब छठ पर्व की पारंपरिक चमक-धमक और तौर-तरीकों में बदलाव साफ देखा जा रहा है।
छठ पूजा में बांस से बने सूप और दउरे (टोकरी) का उपयोग पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता था, जिन्हें स्थानीय कारीगर दस्तकारी से तैयार करते थे। आज बाजारों में इसकी जगह प्लास्टिक के रंग-बिरंगे सूप और फैंसी सामानों ने ले ली है। इसके अलावा, पारंपरिक पीतल या तांबे के बर्तनों की जगह स्टील और चीनी मिट्टी के बर्तनों का चलन तेजी से बढ़ा है।
इनसेट-
पारंपरिक लोकगीतों की जगह ले रहे डीजे और फिल्मी रीमिक्स
छठ घाटों पर गूंजने वाले श्कांच ही बांस के बहंगिया…श्, श्मारबो रे सुगा सुरजु देव…श् जैसे ठेठ लोकगीतों की मिठास अब कई जगहों पर लाउडस्पीकरों और डीजे पर बजने वाले आधुनिक गानों या उनके रीमिक्स वर्जन के शोर में दबती जा रही है। पीढ़ियों से मौखिक रूप से आगे बढ़ने वाली लोकगायकी की वह सांस्कृतिक विरासत अब धीरे-धीरे सिमटती जा रही है।
इनसेट-
पक्के घाटों का कंक्रीटकरण
मार्टीनगंज। स्थानीय क्षेत्र के कई तालाबों और पोखरों के प्राकृतिक कच्चे घाटों का अब आधुनिकीकरण के नाम पर पूरी तरह पक्कीकरण (कंक्रीट) कर दिया गया है। हालांकि इससे सुविधा तो बढ़ी है, लेकिन प्रकृति से सीधा जुड़ाव रखने वाली वह मिट्टी और पावन तटों की मूल छटा अब पीछे छूटती जा रही है। बेशक, आज तकनीक और आधुनिकता ने हमें जीवन में कई सुविधाएं दी हैं, लेकिन इसके चक्कर में हमारी जड़ों से जुड़ी कई अनमोल परंपराएं और सादगी धूमिल हो रही हैं। बुजुर्गों का मानना है कि यदि समय रहते इन पारंपरिक धरोहरों को नहीं सहेजा गया, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए छठ पर्व केवल एक औपचारिकता बनकर रह जाएगा।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *