फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 और स्वगणना जनगणना की तैयारियों को लेकर फूलपुर तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को तहसील सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा सेक्टर ऑफिसर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वहीं, आगामी 16 से 30 नवंबर तक चलने वाली स्वगणना जनगणना को लेकर खंड विकास अधिकारी फूलपुर विनीत कुमार की अध्यक्षता में प्रगणकों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रशासकों एवं सचिवों की संयुक्त बैठक हुई।
निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम निकेत वर्मा ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, निर्वाचन संबंधी नियमों तथा उनके दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने मतदान केंद्रों के भौतिक निरीक्षण, वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और संवेदनशीलता की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। वहीं, स्वगणना जनगणना को लेकर ब्लाक सभागार में आयोजित बैठक में मास्टर ट्रेनर अखिलेश यादव एवं मानबहादुर ने प्रगणकों, सचिवों, प्रशासकों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई। ग्रामीणों तक सही जानकारी पहुंचाने, आंकड़ों का शुद्ध संकलन करने तथा आमजन का सहयोग प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
खंड विकास अधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि स्वगणना जनगणना की जानकारी गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए। इसके लिए ग्राम सचिव पंचायत भवनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बैठक आयोजित कर लोगों को जागरूक करें। बैठक में सचिव अखिलेश, विजयचंद, अरुण कुमार, अनिल, गुलाब शर्मा, खुशबू सिंह, गौरव कुमार, अनूप मौर्य, ममता श्रीवास्तव, संदेश सहित प्रशासक मोहम्मद अंजर, राम सिंगार यादव, धर्मेंद्र राम, अवध यादव, अनारसी यादव एवं अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय