अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और उल्लास के बीच शुरू हो गया। पर्व की शुरुआत होते ही नगर पंचायत से लेकर ग्रामीण अंचलों तक छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों में व्रती महिलाएं पूजन सामग्री जुटाने और प्रसाद की तैयारी में लगी हैं, वहीं छठ घाटों पर साफ-सफाई और बेदी बनाने का काम शुरू हो गया है।
अतरौलिया नगर पंचायत के पूर्वी पोखरा और पश्चिमी पोखरा समेत ग्रामीण क्षेत्रों के नंदना, मीरपुर, भवनाथपुर, गोविंदपुर, कनैला, लोहरा, तेजापुर, छितौनी, सैनपुर, बढ़या, मदियापार और भदौरा सहित आसपास के गांवों में छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। व्रती महिलाओं ने नहाय-खाय के दिन स्नान के बाद शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण कर अनुष्ठान की शुरुआत की। इस कठिन व्रत में शुद्धता, पवित्रता और संयम का विशेष महत्व होता है। व्रती महिलाएं भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना करेंगी। चार दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को खरना होगा। रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। उधर, छठ पर्व को लेकर बाजारों की रौनक भी बढ़ गई है। फल, गन्ना, नारियल, कैथ, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। मिट्टी के चूल्हे, नए बर्तन और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की भी मांग बढ़ गई है। बांस से बने सूप और दउरा की दुकानें सज गई हैं। पर्व को देखते हुए फल विक्रेताओं ने भी मौसमी फलों का पर्याप्त स्टॉक जुटाना शुरू कर दिया है। हालांकि फलों के दाम में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था के आगे महंगाई का असर कम दिखाई दे रहा है। घरों में छठ गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया है। महिलाएं प्रसाद तैयार करने और पूजन सामग्री व्यवस्थित करने में जुटी हैं। वहीं घाटों पर बेदी बनाने और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। नगर से लेकर गांवों तक छठ महापर्व को लेकर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद