टोल टैक्स बचाने के लिए फरिहा चौक से गुजर रहे भारी वाहन

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मोहम्मदपुर स्थित एनएच-128 के टोल गेट से टोल टैक्स बचाने के उद्देश्य से भारी वाहनों के फरिहा चौक होकर आवागमन करने से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। समस्या को लेकर जेडी यादव ने उपजिलाधिकारी निजामाबाद को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से उपजिलाधिकारी को अवगत कराया गया है कि ट्रक, निजी बस सहित अन्य भारी वाहन चालक मोहम्मदपुर तिराहे से वाहनों को मोड़कर फरिहा चौक होते हुए आवागमन कर रहे हैं। इससे मोहम्मदपुर-मंदुरी मार्ग और फरिहा चौक पर प्रतिदिन भीषण जाम लग रहा है। मोहम्मदपुर से मंदुरी तक सड़क का अधिकांश हिस्सा एक लेन का होने के कारण भारी वाहनों के बढ़ते दबाव से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। आरोप है कि बड़े वाहन तेज गति से छोटे वाहनों के बीच से गुजरते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि जनहित एवं जनसुरक्षा को देखते हुए मोहम्मदपुर मोड़ से फरिहा चौक होकर गुजरने वाले भारी वाहनों के आवागमन पर नियमानुसार प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही आवश्यक यातायात प्रतिबंध लागू करने और यातायात पुलिस की तैनाती कर जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं की समस्या से लोगों को राहत दिलाई जाए। इस संबंध में उपजिलाधिकारी निजामाबाद आयान जैन ने बताया कि मामले को दिखवाया जाएगा और हो रही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *