अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बढ़ाया जिले का मान

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर के श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, आजमगढ़ की छात्राओं ने कला, योग और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
विद्यालय की छात्रा अनु भारती ने विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित कला प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 22 ब्लॉक स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
वहीं, योग प्रतियोगिता में कक्षा 7 की छात्रा जान्हवी सोनी ने पूरे मंडल में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। अपनी इस सफलता से उत्साहित जान्हवी अब राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
इसके साथ ही, बरेली में 23 से 26 सितंबर तक आयोजित यूपी स्कूल स्टेट बैडमिंटन चौंपियनशिप में विद्यालय की 14 वर्षीया छात्रा शौर्यमी सिंह ने अपनी बदौलत बालिका टीम को फाइनल में पहुँचाकर रजत पदक दिलाया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर शौर्यमी का चयन सागर में होने वाली राष्ट्रीय स्कूली बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
छात्राओं की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ प्रियंका सोनी, अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, प्रधानाचार्य मनीष रत्न अग्रवाल के नेतृत्व में प्रबंधन समिति एवं शिक्षकगण ने सभी छात्राओं अनु भारती, जान्हवी सोनी और शौर्यमी सिंह को मिठाई खिलाकर तथा माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल /ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *