कांवड़ लेकर लौट रहे युवक की हादसे में मौत, दूसरा गंभीर

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव से कांवड़ लेकर जल लेने गए दो युवकों को रविवार की देर रात वाराणसी जिले में कैथी टोल प्लाजा थाना चौबेपुर के पास बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने संदीप गुप्ता 17 वर्ष को मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परसौरा गांव से करीब 50 युवक रविवार को कांवड़ लेकर जल लेने गए थे। जल लेकर सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब पौने एक बजे कैथी टोल प्लाजा के पास बाइक सवार ने संदीप गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता और राकेश पुत्र सहंगी की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर चितई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। जबकि राकेश का उपचार जारी है। संदीप के शव की वाराणसी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। परिजन और ग्रामीण वाराणसी में मौजूद हैं। संदीप की मौत की खबर जैसे ही परसौरा गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। संदीप दो भाई और चार बहन थे। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई के साथ निहोरगंज में मोटर मैकेनिक का काम भी सीख रहा था।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *