संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत हैदराबाद बाजार में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष के लोगों ने पति पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी।
हैदराबाद बाजार में मूलरूप से बंगाल प्रांत का रहने वाले तन्मय विश्वास ने लगभग 8 वर्ष पूर्व महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव निवासी बंदना पुत्री रामलवट यादव से शादी की थी। वह हैदराबाद बाजार में अपनी पत्नी बंदना और लगभग 6 वर्ष की पुत्री तमन्ना के साथ रह रहा था और डिस्पेंसरी चलाता था। शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों को बंदना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली तो मौके पर भीड़ जुट गई। उसका शव घर के पास ही मिला। वही मायके पक्ष और ग्रामीणों ने इसकी सूचना रौनापार थाने पर दी। सूचना पाकर रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण करते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
मृतका के भाई अजय यादव ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बहन बंदना से तन्मय विश्वास अक्सर विवाद करता था। इसी विवाद के चलते उसके बहन की मारपीट कर हत्या कर दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार देर रात भी मारपीट की घटना सामने आई थी और सुबह महिला की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय भेज दिया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *