निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के सीधा सुल्तानपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को ग्राम प्रधान के साथ तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की कीमती जमीन का पट्टा कथित रूप से दूसरे गांव के लोगों के नाम कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को कुछ लोग उक्त जमीन से मिट्टी की खुदाई करने पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण खुदाई नहीं हो सकी। ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत को बिना जानकारी दिए तहसील स्तर से फर्जी तरीके से पट्टा कर दिया गया है। ग्रामीणों ने मांग की कि जमीन का पट्टा गांव के ही भूमिहीन लोगों को दिया जाय। ग्रामीणों ने बताया कि हमारे गांव में कई लोग भूमिहीन हैं और पात्र भी हैं। कुम्हार भी दर्जनों घर हैं उन लोगों को भी मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए मिट्टी नहीं है। एसडीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने मामले की जांच कर कार्यवाही करने का आदेश दिया है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार सहदाब अहमद, अबुल कैस, दीना नाथ विश्वकर्मा, मोहमद शालिम, कुतुबुद्दीन, प्रकाश कुमार, आलमगीर नन्हें खान, ईश्वर कुमार शोएब, लालमती, अजीम अहमद, इब्राहीम, सरफराज अहमद प्यारे लाल, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र