लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोसाई की बाजार में अपने निजी मकान में चिकित्सालय संचालित करने वाले डॉ. आलोक यादव रविवार को करीब 11 बजे किसी कार्य से आजमगढ़ जाने के लिए घर से निकले थे। बरवा मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर बस पकड़ने के लिए वह पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान जिला मुख्यालय की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए लाइफ लाइन हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि डॉ. आलोक यादव की शादी महज दो वर्ष पहले हुई थी। उनका एक साल का मासूम बेटा है। कम उम्र में ही पति की मौत से पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। डॉ. आलोक यादव की असामयिक मौत की खबर मिलते ही बहादुरपुर गांव सहित गोसाई की बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद