अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए गठबंधन में विधानसभा सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। 25 विधानसभा सीटों की मांग को लेकर चल रही चर्चाओं को उन्होंने महज अटकल बताया।
वह बृहस्पतिवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब अभी चुनाव की घोषणा ही नहीं हुई है तो सीटों के बंटवारे की बातें करना जल्दबाजी है। समय आने पर गठबंधन के सभी दल आपस में बैठकर इस पर निर्णय लेंगे।
गाजियाबाद जेल में बंद सपा नेता आजम खान से शिवपाल यादव की मुलाकात पर कहा कि इसका कोई राजनीतिक लाभ समाजवादी पार्टी को मिलने वाला नहीं है। सत्ता से बाहर होने के बाद दोनों नेताओं का प्रभाव कम हुआ है। अब उनकी मुलाकात केवल एक-दूसरे को ढांढस बंधाने तक सीमित है।
इनसेट—-
जहूराबाद से चुनाव लड़ने की तैयारी, अखिलेश को चुनौती
अतरौलिया (आजमगढ़)। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि सुभासपा विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से 36 सीटों की सूची सार्वजनिक करने के दावे को उन्होंने राजनीतिक शगूफा करार दिया। उन्होंने कहा कि वह अपनी परंपरागत विधानसभा सीट जहूराबाद से ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही अखिलेश यादव को भी जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। श्री राजभर ने मतदाता सूची और स्कूलों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा। साथ ही कानून-व्यवस्था पर विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद