कोटेदार द्वारा राशन कम देने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला विकास खंड की कंदरी ग्राम पंचायत में सोमवार को कोटेदार द्वारा कम राशन देने पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर डायल 112 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत कराया।
कंदरी ग्राम पंचायत की सरकारी राशन की दुकान पर यहां के ग्रामीण राशन लेने के लिए पहुंचे। कोटेदार योगेंद्र यादव द्वारा प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन देने के बजाय चार किलो ही दिया जा रहा था। जिस पर सैकड़ो की संख्या में राशन लेने गए ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पूरा राशन देने की मांग करने लगे। जब कोटेदार द्वारा ग्रामीणों की बात नहीं मानी गई तो वे उग्र हो कर हंगामा शुरू कर दिये। ग्रामीणों को उग्र होता देख कोटेदार ने वितरण हेतु रखे गए गेहूं और चावल को एक में मिला दिया और वितरण बंद कर दिया। सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची तो कोटेदार और ग्रामीण एक दूसरे पर आरोप लगाना शुरू कर दिये। किसी तरह से पुलिस ने दोनो पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप था कि एक तो कोटेदार द्वारा प्रति यूनिट एक किलो राशन कम दिया जा रहा है दूसरे पैसा भी ज्यादा लिया जा रहा है। इस मौके पर जय प्रकाश यादव, अभय यादव हरिश्चंद, पुनवासी, राम अवध, लखपत्ती, शकुंतला, पिंटू आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *