मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र अंतर्गत बरदह से बकेश असनिया नहर के पास तक शारदा सहायक खंड 23 नहर मार्ग पर लापरवाही की एक बड़ी तस्वीर सामने आई है। इस मार्ग के दोनों तरफ बड़े-बड़े शीशम और बबूल के पेड़ उग आए हैं, जिनकी वजह से रास्ता काफी संकरा और बाधित हो गया है। झाड़ियों और पेड़ों के कारण आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और हर वक्त किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क किनारे उगे ये पेड़ साक्षात यमराज नजर आ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि नहर विभाग इस गंभीर समस्या पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग तुरंत इनकी कटाई-छटाई और साफ-सफाई करवाए, ताकि आवागमन सुचारू और सुरक्षित हो सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। लोगों ने इस मामले में जिलाधिकारी का भी ध्यान आकृष्ट कराया है।
ग्रामीणों का कहना है कि साफ-सफाई और कटाई न होने के कारण इस रास्ते से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यह सफर किसी खतरे से खाली नहीं है। रात के समय स्थिति और भी ज्यादा डरावनी हो जाती है, क्योंकि अंधेरे में वाहन अचानक पेड़ों या झाड़ियों की चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते अगर इन पेड़ों और झाड़ियों को सड़क किनारे से नहीं हटाया गया, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी