आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंगा समग्र के तत्वावधान में दुर्वासा धाम से निकली तमसा बचाओ जागरण यात्रा का नगर के सिधारी घाट पर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता अखिलेश मिश्र गुड्डू थे। अध्यक्षता श्री श्री 1008 महामण्डलेश्वर रामकृष्ण दास जी महाराज तथा संचालन साहित्यकार संजय कुमार पांडेय सरस ने किया।
प्रारम्भ में आजमगढ़ जनपद के यात्रा संयोजक कवि सुभाष चंद्र तिवारी कुन्दन द्वारा रचित तमसा आरती को कलाकार विपुल पांडेय ने रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। राजेश रंजन और अन्य गायक कलाकारों ने एक से एक भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दी।
महामण्डलेश्वर रामकृष्ण दास ने कहा कि नदियों की सेवा प्रकृति और मानवता की सेवा है। मुख्य अतिथि अखिलेश मिश्र गुड्डू ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जुड़कर तमसा नदी के संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए। सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि तमसा बचाओ जागरण यात्रा एक नवम्बर को दुर्वासा से निकलकर द्रोणाचार्य, दत्तात्रेय और चंद्रमा ऋषि आश्रम होते आयी है और रसड़ा होते हुए 4 नवम्बर को गंगा तमसा संगम बलिया पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल यात्रा नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक धरोहर को बचाने का सामूहिक संकल्प है। अंत में गोरक्ष प्रांत संयोजक राजकिशोर मिश्र ने आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर अजय कुमार राय, दिलीप शर्मा, डा. एचएन पाठक, संजय पांडेय, रासबिहारी सिंह, विश्वदेव उपाध्याय, जवाहर पाठक, पंचदेव पांडेय, रणविजय सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, राजेश पांडेय, उमाशंकर पांडेय, सच्चिदानंद राय, गिरीश सेठ, राजीव आर्य, बालदत्त गौड़ आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव