गैंगस्टर एक्ट में टॉपटेन अपराधी का 20 लाख का मकान कुर्क

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव पुलिस ने बुधवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के टॉपटेन अपराधी विकास यादव की करीब 20 लाख रुपये कीमत की मकान संपत्ति कुर्क कर ली। कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय से जारी आदेश के अनुपालन में की गई।
पुलिस के अनुसार विकास यादव पुत्र कमला यादव निवासी रणमों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी-लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ग्राम रणमों में बने मकान को अवैध रूप से अर्जित धन से निर्मित पाए जाने पर कुर्क किया गया। क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेष कुमार पाण्डेय, तहसीलदार उमेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष देवगांव सुनील कुमार सिंह और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मकान पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने मकान के दो बाहरी दरवाजों तथा छत पर जाने वाले दरवाजे पर ताले लगाकर उन्हें सील कर दिया। मकान की चाबी तहसीलदार लालगंज को सौंप दी गई।
पुलिस के मुताबिक विकास यादव के खिलाफ वर्ष 2016 से 2024 तक विभिन्न धाराओं में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं।
कुर्की की कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में विचाराधीन वाद संख्या 2545/2026 में पारित आदेश के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *