कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अरांव गुलजार नहर के पास मंगलवार सुबह बोलेरो और अपाचे बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में नई अपाचे जलकर राख हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मुखलिसपुर निवासी हरिराम प्रजापति अपने पुत्र प्रिंस प्रजापति के साथ अपाचे बाइक से महाराजगंज स्थित प्रसिद्ध भैरव बाबा मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान अरांव गुलजार नहर के पास सामने से आ रही एक बोलेरो से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार बताई जा रही है कि हादसे के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई। बाइक धनतेरस के अवसर पर ही खरीदी गई थी। अभी तक नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी। बताया गया कि हादसे में घायल लोग अस्पताल पहुंचे हैं। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में कप्तानगंज पुलिस ने बताया कि मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर ही दुर्घटना के कारणों और बोलेरो की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट-विजय कुमार