माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में एक माह से चल रहा नाला विवाद बुधवार को समाप्त हो गया। चेयरमैन लियाकत अली के समझाने पर दोनों पक्षों में बनी सहमति के बाद नाले की खोदाई शुरू कराई गई।
नगर पंचायत माहुल के वार्ड नं0 एक संत कबीर नगर से निकलकर वार्ड नं0 आठ अब्दुल्लकलाम नगर होते हुए एक नाला निकलता है।जिसके माध्यम से वार्ड वासियों के घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी होती है। उक्त नाले के पास से मोहल्ले के गुड्डू कुरैशी का मकान बन रहा था। जिसके कारण जलनिकासी पूरी तरह बंद हो गई थी और वर्षा के समय में लोगों के घरों में भी गंदा पानी भर जा रहा था।नागरिकों की समस्याओं को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने वार्ड नं0 आठ में जा रहे रास्ते के मध्य की नाली को चौड़ा कर जलनिकास कराना चाहा और मंगलवार को जैसे ही इसकी खोदाई बैंकहो लोडर शुरू कराया तो भाजपा के नामित सभासद सुजीत जायसवाल आंसू और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता सलमान कुरैशी ने विवाद उत्पन्न कर दिया।विवाद की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने खोदाई का कार्य रुकवा दिया था।जिसके बाद विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए नगर पंचायत माहुल के चेयरमेन लियाकत अली और बीजेपी नेता निखिल शर्मा ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया बुझाया। एक घंटे की वार्ता के बाद दोनों पक्ष रास्ते के मध्य से जा रही नाली को चौड़ा कर नाला बनाने पर तैयार हुए उसके बाद बैंकहो लोडर के माध्यम से उक्त नाले की पुनः खोदाई का कार्य संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर बीजेपी युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रानू प्रताप राजभर नामित सभासद शिवा शर्मा,शाहआलम,बेलाल अहमद,इम्तियाज अहमद गुफरान अहमद,उजैर उर्फ पप्पू,शमशेर खान सहित मोहल्ले के लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट- श्यामसिंह