अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भदेवा मझौली निवासी युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ ही एसपी ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गये।
उक्त गांव निवासी मूलचंद कनौजिया ने अतरौलिया थाना पर तहरीर दिया था कि उसकी 22 वर्षीय पुत्री मनीषा जो कि कक्षा 8 तक पढ़ने के बाद मदियापार बाजार स्थित ब्यूटी पार्लर सीखने का कार्य कर रही थी। 15 अक्टूबर को वह घर से ब्यूटी पार्लर जाने के लिए निकली लेकिन घर वापस नहीं आई। घरवालों द्वारा काफी खोजबीन करने पर भी मनीषा का पता नहीं चला। इस संबंध में गांव के ही इंद्रेश निषाद पुत्र लालचंद जिससे लड़की की लगभग 5 वर्षों से बातचीत होती थी उससे पूछताछ किया तो उसके द्वारा कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया गया। जिस पर 18 अक्टूबर को अतरौलिया थाने पर तहरीर देकर इंद्रेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। बुधवार को मनीषा के भाई रवि अपने कुछ साथियों के साथ खोजबीन कर रहा था तो उसको गांव के बगल में ही नहर के समीप स्थित एक झाड़ी में मनीषा की लाश मिली। रवि ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर सीओ सिद्धार्थ तोमर, प्रशिक्षु आईपीएस गौरव शर्मा, थाना प्रभारी नदीम अहमद फरीदी सहित पुलिस भी मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गए। वही सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण राहुल रूसिया समेत फॉरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड घटना स्थल पर पहुंच गए। सूत्रों द्वारा पता चला कि मनीषा का प्रेम प्रसंग पिछले 5 वर्षों से इंद्रेश के साथ चल रहा था। अभी 10 अक्टूबर को मनीषा की शादी अंबेडकर नगर में तय करके बरच्छा भी कर दिया गया था। मृतका तीन बहन व तीन भाई में पांचवें नम्बर पर थी। घटना स्थल पर पड़ी लाश पूरी तरह सड़ चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद