आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री नकुल दुबे के प्रथम आगमन पर कांग्रेसियों ने उनका फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान श्री दुबे ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विश्वदेव उपाध्याय को शाल भेंट कर सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने कहा राजनीति में कब क्या हो, कोई नहीं जानता। कांग्रेस जमीन पर किसानों छात्रों बेरोजगारो शोषितों पीड़ितों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। देश के गरीबों का कैसे उत्थान हो उस दिशा में कांग्रेस काम कर रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में नफरत को समाप्त करने आपसी प्रेम सद्भाव भाईचारे के लिए भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल रही है जिसमें राहुल गांधी के नेतृत्व में लाखों लोग प्रतिदिन पैदल चल रहे हैं। आज सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को देश के बैंकों से कर्ज दिला रही है और पूंजीपति मित्र उसी कर्ज से देश की संपत्तियां खरीद रहे हैं और देश को गुलामी की तरफ धकेलने का कुचक्र रचा जा रहा है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। इस अवसर पर राना खातून, आशुतोष द्विवेदी, मुन्नू यादव, रमेश राजभर, मनोज कुमार सिंह, दिनेश यादव, ओंकार पाण्डेय, अजीत कुमार राय, रविकांत त्रिपाठी, अंसार अहमद, सुनील कुमार सिंह, रनबहादुर सिंह, विवेक राय, शीला भारती, रियाजुल हसन, मिर्जा साने आलम बेग, आदित्य सिंह, अहेमर वकार, हरेंद्र सिंह, प्रमोद यादव, सलमा सितारा आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार