मोहम्मदपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र मोहम्मदपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में बीच-बचाव करने गए वृद्ध की मारपीट के दौरान घायल होने के बाद मौत हो गई। इस मामले में एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी।
क्रिकेट खेल रहे बच्चों में आपस में विवाद हो गया था। इस दौरान गाली-गलौज, मारपीट भी शुरू हो गयी। यह वाकया देख रहे गांव निवासी खुर्शीद अहमद 60 वर्ष पुत्र मुतीन अहमद ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। रात की नमाज गांव में पढ़कर मस्जिद से निकल रहे खुर्शीद पर एक पक्ष के लोगों द्वारा लाठी डंडे से हमला कर दिया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत के बाद घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मोहम्मदपुर ब्लाक का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर मौके पर एसपी सिटी शैलेन्द्र, सीओ सिटी सौम्या सिंह सहित कई थाने की फोर्स पहुंच गयी। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
रिपोर्ट-एसपी यादव