रानीकीसराय आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र में मरीजो की तादात बढने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं खुल रही है। क्षेत्र में डेंगू मरीजो की संख्या आधा दर्जन पहुंच गयी है। पीड़ित प्राइवेट चिकित्सकों के यहां उपचार करा रहे हैं जबकि शासन द्वारा आयेदिन इससे बचाव व उपाय के साथ मरीज़ के सुविधा के लिए एडवाइजरी जारी हो रही है। यहां स्वास्थ्य विभाग सब कुछ कागजों में कर रहा है।
मौसम परिवर्तन के साथ वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ रही है परन्तु इस बार टाइफाइड मलेरिया पीड़ित के साथ ही डेंगू पीड़ित भी मिलने लगे। स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच व्यवस्था भगवान भरोसे होने के चलते मरीज क्षेत्र के नर्सिंग होम और प्राइवेट पैथालॉजी सेंटरो का सहारा ले रहे हैं। कस्बे में ही डेंगू पीड़ित द्वारा जांच के बाद मुख्यालय स्थित प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया जा रहा है। क्षेत्र के राजेश कुमार, विवेक कुमार, रविन्द्र आदि ने कहा कि बारिस के बाद जलभराव हो गया। जगह जगह मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया। परन्तु यहां दवा छिड़काव और दवा वितरण सब कुछ स्वास्थ्य विभाग केवल कागजों पर ही करता है। क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक हो गये दवा छिडकाव हुए। अब गंभीर बीमारी से पीड़ित मिल रहे हैं तो भी स्वास्थ्य विभाग गहरी निद्रा में है।
रिपोर्ट-प्रदीप वर्मा