दस साल से जलभराव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया ब्लॉक क्षेत्र के प्रतापपुर छतौरा गांव में पिछले करीब 10 वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जलभराव और गंदगी से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की सड़क आसपास के क्षेत्र की अपेक्षा काफी नीची हो गई है। हल्की बारिश होते ही सड़क और गलियों में पानी भर जाता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ती है। जलभराव के कारण बच्चे आए दिन फिसलकर चोटिल हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 वर्षों में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विधायक, डीपीआरओ समेत संबंधित अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है। ग्रामीणों का दावा है कि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर भी गांव की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। जलभराव के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। यहां तक कि रिश्तेदार भी गांव आने से कतराने लगे हैं। किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उसे चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस अवसर पर रामदास वर्मा, लालबूझ पाण्डेय, रामअजोर प्रजापति, उमेश वर्मा, मंतराम शर्मा, हरिराम वर्मा, श्यामराज वर्मा, संतराम शर्मा, कुलदीप पाण्डेय, मंगेश प्रजापति, संजय प्रजापति, ऋषिकेश वर्मा, सचिन प्रजापति, तौफीक अहमद, अमित सोनी, विपिन प्रजापति, गोलू वर्मा, सुनीता देवी, सुशीला वर्मा, प्रभावती सोनी आदि मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *