लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव थाना क्षेत्र के चकिया भगवानपुर गांव में खेत में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में महिला पर फावड़े से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है।
मंगलवार को चकिया भगवानपुर निवासी दिलीप यादव ने थाने में तहरीर दी कि विपक्षी द्वारा उसके खेत में जबरन पानी बहाया जा रहा था। दिलीप की मां चन्दा ने इसका विरोध किया तो रवि यादव पुत्र प्रताप यादव ने जान से मारने की नीयत से फावड़े से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में चन्दा गंभीर रूप से घायल हो गईं। तहरीर के आधार पर देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेतवा चन्द्रभानपुर तिराहे से करीब 50 मीटर पहले रवि यादव को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद