राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल से सम्मानित हुई रिया पाठक

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हाथों डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ मंत्री एवं छात्रसभा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे दीपक पाठक ‘माइकल’ की बहन रिया पाठक को परास्नातक कला (एमवीए) में टॉप करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। रिया की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे जनपद और विश्विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
स्वर्ण पदक विजेता रिया पाठक ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि मैं आज बेहद खुश और खुद को भाग्यशाली महसूस कर रही हूं। परास्नातक में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय टॉप करके गोल्ड मेडल प्राप्त करना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है। कला मेरे लिए सिर्फ एक विषय नहीं है, बल्कि यह मेरी अभिव्यक्ति और जीने का तरीका है। इस मेडल के पीछे कई रातों का जागना और कैनवस/फाइलों पर बिताए गए अनगिनत घंटे हैं। आज लग रहा है कि मेरी वह सारी मेहनत और कला के प्रति मेरा समर्पण सफल हो गया है।
उन्होंने कामयाबी का पूरा श्रेय अपने विश्वविद्यालय के प्रोफेसर्स को दिया जिन्होंने उनकी सोच को एक सही दिशा दी। उन्होंने कहा कि मेरे माता पिता ने हमेशा मेरे इस कलात्मक सफर का समर्थन किया है। यह गोल्ड मेडल मेरे हौसले को और बढ़ाएगा। एक स्कॉलर के रूप में यह तो बस मेरी शुरुआत है। आगे मैं अपनी कला के जरिए समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हूं और इस क्षेत्र में और आगे तक काम करूंगी।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *