परसौरा गांव का मुख्य मार्ग बना कीचड़ का दलदल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव में आने-जाने वाले मुख्य मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। बारिश के बाद सड़क पूरी तरह कीचड़ से सन गई है, जिसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह जमा कीचड़ और पानी के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक परसौरा गांव में पहुंचने के लिए यही मुख्य मार्ग है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कीचड़ में फिसलने के कारण आएदिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से परसौरा गांव के मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने, जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
ग्रामीण राजकुमार चौहान, रामा चौहान, राम दुलार, गिरजा चौहान आदि ने कहा कि समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए ताकि लोगों को आवागमन में आसानी हो सके।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *