रात्रिकालीन अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत उपकेंद्र पटवध कौतुक से आपूर्ति पाने वाले दर्जनों गांवों में इन दिनों रात के समय हो रही अघोषित विद्युत कटौती ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन में बिजली आपूर्ति अपेक्षाकृत ठीक रहने के बाद जैसे ही शाम ढलती है, रोस्टिंग के नाम पर बार-बार बिजली गुल होने लगती है। इससे उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और बीमार मरीज सबसे अधिक परेशान हैं। रात में लगातार कटौती के चलते क्षेत्र के लोगों में विभाग और शासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
शुक्रवार की रात कटौती का आलम यह रहा कि बिजली व्यवस्था ने लोगों की नींद ही छीन ली। उपभोक्ताओं के अनुसार शाम करीब 5.11 बजे दो घंटे की रोस्टिंग का मैसेज आया और बिजली चली गई। करीब 7.11 बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन लगभग 8.30 बजे फिर दो घंटे की रोस्टिंग का संदेश आया और बिजली गुल हो गई। रात करीब 10.30 बजे बिजली आई, लेकिन लगभग 11.30 बजे दोबारा दो घंटे की रोस्टिंग का मैसेज आने के बाद आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद रात करीब 1.30 बजे बिजली आई तो कुछ राहत मिली, लेकिन तड़के करीब 2.30 बजे फिर बिजली चली गई। इसके बाद लगभग 7 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि दिन में यदि बिजली की कटौती करनी ही है तो कर दी जाए, लेकिन रात के समय कम से कम लगातार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि दिनभर मेहनत करने के बाद लोग रात में चैन की नींद सो सकें।
इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई और एसडीओ का कहना था कि रोस्टिंग ऊपर से की जा रही है। इसमें स्थानीय स्तर से कुछ नहीं किया जा सकता। अधिकारियों के इस जवाब से भी उपभोक्ताओं में निराशा है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *