फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर राशन सहित अन्य सार्वजनिक वितरण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई अन्नपूर्णा भवन निर्माण योजना फूलपुर ब्लॉक में रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। ब्लॉक क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद तीन साल बाद भी महज चार भवनों का निर्माण पूरा हो सका है। शेष 11 ग्राम पंचायतों में सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
वर्ष 2023 से 2026 के बीच फूलपुर ब्लॉक की 15 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। प्रत्येक भवन के निर्माण पर करीब आठ लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। अब तक चमावा, चकिया, बैसाडीह और कनेरी ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य पूरा कराया जा चुका है। वहीं गोबरहा, फत्तेपुर, शेखबलिया, मटियार, इजदीपुर, मीर अहमदपुर शहजादा, चरोवा, सरावा, आदममऊ, बूढ़ापुर कुतुबअली और सुदनीपुर ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य भूमि के अभाव में अटका हुआ है।
इस संबंध में बीडीओ बिनीत कुमार की ओर से एसडीएम को पत्र भेजकर चयनित ग्राम पंचायतों में सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके बाद बीते 29 अक्टूबर को पुनः पत्र भेजकर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में लेखपाल के माध्यम से भूमि उपलब्ध करा दी गई थी, वहां भवन निर्माण पूरा कराकर संबंधित उचित दर विक्रेताओं को हैंडओवर कर दिया गया है। शेष ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध कराने के लिए उपजिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है। भूमि मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय