निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम बेगपुर आयमा गांव के पास सड़क किनारे एक वृद्ध व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना निजामाबाद थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रसीदगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की सहायता से वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तहबरपुर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार वृद्ध की पहचान राम दरश शर्मा पुत्र श्रीराम शर्मा निवासी मौवना, थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। घटनास्थल पर उनकी साइकिल भी पड़ी मिली। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दे दी गई। बुधवार सुबह लगभग 11 बजे थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र