निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने बुधवार को विधान परिषद में जनपद में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद उसका संचालन शुरू न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान इस जनहित के महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित करते हुए एटीएस का तत्काल संचालन प्रारंभ कराने की मांग की।
विजय बहादुर पाठक ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण वाहन स्वामियों, चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से जनपद आजमगढ़ में एटीएस का निर्माण पूरा होने के बावजूद उसका संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने बताया कि एक जुलाई से मैनुअल फिटनेस प्रमाणपत्र व्यवस्था बंद होने के बाद आजमगढ़ के प्रतिदिन 40 से अधिक व्यावसायिक वाहन स्वामियों को फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जौनपुर सहित अन्य जनपदों का रुख करना पड़ रहा है। इससे वाहन स्वामियों का समय और धन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं। ईंधन, टोल टैक्स एवं अन्य यात्रा खर्च बढ़ने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं फिटनेस प्रमाणपत्र मिलने में देरी के कारण परिवहन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है तथा माल और यात्री परिवहन सेवाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आजमगढ़ के ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का संचालन तत्काल शुरू कराया जाए।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र