नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हरबंशपुर स्थित सर्वाेदय पब्लिक स्कूल में शनिवार को 11वें पदग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव, निदेशिका कंचन यादव तथा प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। सरस्वती वंदना के बाद आयोजित पदग्रहण समारोह में विद्यालय के चार सदनों राजगुरु, आजाद, सुभाष और भगत सदन के नवनियुक्त कप्तानों एवं उपकप्तानों को उनके-अपने सदनों के ध्वज सौंपकर जिम्मेदारियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अनुशासन विभाग के छात्र पदाधिकारियों को भी विभागीय ध्वज देकर दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया गया।
संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि किसी भी विद्यालय की सफलता उसके विभिन्न स्तंभों की जिम्मेदारियों के समुचित निर्वहन पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना के साथ विद्यालय की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व बोध और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिलता है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *