आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कलेक्ट्रेट चौराहे पर शनिवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ सदर सांसद धर्मेंद्र यादव और सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भारी खींचतान और तीखी झड़प देखने को मिली।
हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक कृपा णि तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के इस भारी आक्रोश की वजह संसद के बाहर सपा सांसद धर्मेंद्र यादव और सांसद पप्पू यादव द्वारा की गई एक गतिविधि बनी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दोनों सांसदों ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे को लेकर संसद के बाहर एक नाटक के जरिए संतों का घोर अपमान किया है। प्रदर्शन की भनक लगते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गई। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने दोनों सांसदों का पुतला जलाने का प्रयास किया, वहां मौजूद पुलिसकर्मी हरकत में आ गए। इसके बाद कलेक्ट्रेट चौराहे पर पुलिस और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प, धक्का-मुक्की और खींचतान शुरू हो गई। पुलिस ने पुतला छीनने और दहन रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ताओं के हुजूम के आगे पुलिस की मुस्तैदी धरी की धरी रह गई। आखिरकार, प्रदर्शनकारी पुलिस के घेरे को चकमा देकर सांसदों का पुतला फूंकने में कामयाब रहे।
जिला संयोजक कृपामणि तिवारी ने कहा कि अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से संबंधित कथित चोरी के मामले को लेकर संसद भवन के बाहर सपा सांसद धर्मेंद्र यादव और सांसद पप्पू यादव ने जिस तरह से साधु-संतों और संपूर्ण सनातन समाज का अपमान किया है उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन पूरे मामले को जांच सहित दोषियों पर कार्रवाई की मांग करता है।
इस दौरान विपिन सिंह पालीवाल, अमन यादव, मुकेश यादव, विक्रम सिंह ऋतिक, जगदीप जैसवार, हिमांशु पाठक, अभिषेक पाण्डेय, शंभू राजभर, अजीत सिंह, राहुल सिंह, प्रदीप सिंह, कुंदन सिंह उर्फ गोलू, गौरव सिंह, अर्पित सिंह, हर्षित सिंह, मंजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार