आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुहाग के महापर्व हरितालिका तीज की पूर्व संध्या पर रविवार को संकल्प फाउंडेशन की ओर से गुरुटोला स्थित कार्यालय में मेहंदी शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक समरसता की अनोखी मिसाल देखने को मिली, जब मुस्लिम महिलाओं और बच्चियों ने हिंदू व्रती महिलाओं के हाथों में प्रेम और भाईचारे की मेहंदी लगाई।
शिविर में यासमीन बेगम ने वंदना तिवारी व कंचन श्रीवास्तव, तो आलिया खान ने संगीता श्रीवास्तव व रजनी सेठ की हथेली पर मेहंदी सजाई। इसी तरह रोजी अंसारी, गुलिस्ता खां, आरजू सलीम, महक, हिबा और अलीजा समेत कई मुस्लिम महिलाओं ने सीमा श्रीवास्तव, अनीता चौरसिया, सोनी कपूर, अनुपमा पांडेय और आरती सेठ सहित सैकड़ों महिलाओं के हाथों में मेहंदी का रंग घोला।
फाउंडेशन के उपाध्यक्ष व जिला योजना समिति सदस्य मोहम्मद अफजल इदरीसी ने कहा कि ब्यूटी पार्लर का खर्च हर वर्ग के लिए संभव नहीं होता, इसी को ध्यान में रखकर यह पहल की गई ताकि आर्थिक राहत के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम और एकता का संदेश जाए। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और इस यादगार पल को सेल्फी में कैद किया।
आयोजन को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष मनीष कृष्ण साहिल, विकास जायसवाल, सत्यदीप जायसवाल, अमित वर्मा, तारिक एजाज, शहीद अंसारी, विकास वर्मा, आशीष चौरसिया, नीरज विश्वकर्मा, सौम्य और गोलू आदि का प्रमुख योगदान रहा।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार