आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कायस्थ समाज के लिए प्रमुख पर्व भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा हर घर में श्रद्धा के साथ की गई। घरों में पूजा के बाद लोग हीरापट्टी स्थित भगवान चित्रगुप्त के मंदिर पहुंचे और वहां हवन-पूजन करने के साथ भगवान का दर्शन कर आरती की।
श्री चित्रगुप्त वंशीय जनपद सभा के मंत्री विवेक श्रीवास्तव और अध्यक्ष अरुण प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हालांकि, तय कार्यक्रम काफी विलंब से शुरू हुआ। दोपहर 12.30 बजे की जगह 3 बजे से हवन-पूजन शुरू हुआ और उसी क्रम के अनुसार मंदिर प्रांगण में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। फिर अतिथियों का उद्बोधन और उसके बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रसाद वितरण किया गया।
आयोजक मंडल के सदस्यों ने बताया कि इस प्रांगण में सामूहिक पूजन, हवन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने इस पूजा के मूल महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज के दिन विशेष रूप से कलम-दवात की पूजा की जाती है। उन्होंने समाज से आह्वान करते हुए कहा कि चूंकि आज के समय में हर कोई कलम का प्रयोग करता है, इसलिए यह पूजा किसी एक वर्ग तक सीमित न रहकर पूरे समाज को आज के दिन कलम-दवात की पूजा करनी चाहिए।
उधर इस पूजा पर्व को लेकर कायस्थ परिवारों में सुबह से ही उत्साह का माहौल नजर आया। सुबह घरों में भगवान चित्रगुप्त का चित्र रखकर तथा उसके सामने धूप-दीप जलाकर जहां पूजा की गई वहीं चित्र के समक्ष घर के उन सदस्य संख्या के अनुसार जो पढऩे-लिखने वाले हैं उनके नाम से कलम और दवात रखकर पूजा की गई। कलम और दवात को स्नान कराने के बाद रक्षा और रोली लगाया गया। पूजा के बाद सदस्यों को प्रसाद स्वरूप कलम दिया गया और सदस्यों ने उसे माथे लगाकर जेब में रखा।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार