ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना बरदह पुलिस ने अन्तरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। उनके कब्जे से एक अदद इन्वर्टर, एक स्टेबलाइजर, तीन बंडल पतला केबल, एक जोड़ी चांदी की पायल, 600 रुपये नगद तथा चोरी करने के विभिन्न औजार बरामद हुए। साथ ही दो मोटरसाइकिलों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया।
संतोष पुत्र श्रीराम विन्द निवासी ग्राम वंधवा इस्लाम थाना बरदह ने 29 मार्च को सूचना दी थी कि 28 मार्च की रात उसरगांव स्थित उनकी एजेंसी का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए और इन्वर्टर, बैटरी सहित अन्य सामान चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि शोरगुल होने पर चोर सामान छोड़कर फरार हो गए। इस सूचना पर थाना बरदह में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार को बर्रा चौराहे से पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान एक अभियुक्त के पास से मोबाइल और 600 रुपये नकद भी बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंजनी मौर्या, अभिषेक मौर्या, राजकुमार त्यागी, सुमित मौर्या एवं काजू पाल निवासी जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। अभियुक्तों के खिलाफ आजमगढ़ व जौनपुर के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
रिपोर्ट-एमके राय