ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ट्रक का नंबर बदलकर ट्रांसपोर्ट के नाम पर ले जाए गए चावल को बेच देने वाले एक अंतरजनपदीय अभियुक्त को बरदह पुलिस ने ट्रक सहित गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बीते 29 जनवरी को बरदह निवासी नंदलाल गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी राहुल ट्रेडिंग कंपनी से 253 कुंतल चावल (कीमत करीब 7,08,400 रुपये) ट्रांसपोर्ट के माध्यम से छत्तीसगढ़ भेजा गया था, लेकिन माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इस मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने देवगांव-जौनपुर मार्ग पर पारा गेट के पास एक ट्रक को रोककर जांच की। जांच में ट्रक का नंबर संदिग्ध पाया गया और चालक की पहचान शिकायतकर्ता द्वारा दी गई फोटो से मेल खा गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रमाकांत यादव उर्फ मेघू यादव निवासी गाजीपुर बताया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने ट्रक का असली नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई और 253 कुंतल चावल को करीब साढ़े पांच लाख रुपये में बेच दिया। प्राप्त रकम से उसने ट्रक की मरम्मत, किस्त भुगतान और अन्य खर्च किए। पुलिस ने आरोपी के पास से 15 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद किया है।
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक रितेश खरवार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्ट-एमके राय