लटकता विद्युत तार दुर्घटना को दे रहा दावत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड पल्हनी क्षेत्र स्थित विद्युत उपकेंद्र भवरनाथ से हरीपुर ग्राम सभा में जा रही 440 वोल्ट विद्युत तार खेतों में नीचे लटक रहा है जिससे आयेदिन दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। यह सब कुछ जानते हुए भी विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों के कान पर जू नहीं रेंग रही है। शायद उन्हें किसी बड़ी घटना होने का इंतजार है।
विद्युत उपकेंद्र भवरनाथ से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हरीपुर गांव के सिवान में वर्ष 2025 से 440 वोल्ट विद्युत तार खेतों के बीच लटका हुआ है जो दुर्घटना को दावत दे रहा है। हरीपुर निवासी रामजनम यादव पुत्र स्व.बैजनाथ यादव ने बताया कि इस संबंध में जेई को 13 दिसम्बर 2025 को लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गयी। थक हार कर बीते 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करायी गयी परंतु उसे भी नजर अंदाज किया जा रहा है। श्री यादव ने बताया कि लटकते विद्युत तार की वजह से खेतीबारी का कार्य करने में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। हमेशा खतरे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों से तत्काल समस्या समाधान करने की मांग की है ताकि भविष्य में उत्पन्न होने वाले खतरे से बचा जा सके।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *