कार की टक्कर से ठेला चालक गंभीर रूप से घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर पंचायत कटघर लालगंज के भगवानपुर स्थित सीएनजी पंप के समीप रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सात बोरी सीमेंट लादकर जा रहे तीन पहिया ठेले में पीछे से आ रही अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ठेला चालक कार के नीचे फंसकर करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चकिया भगवानपुर निवासी रामश्री चौहान 45 वर्ष पुत्र पाचू चौहान, अपने ठेले पर सात बोरी सीमेंट लादकर लालगंज से देवगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ से वाराणसी की तरफ जा रही अर्टिगा कार ने पीछे से ठेले में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेला चालक कार के नीचे फंस गया और करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार रुकवाई और काफी प्रयास के बाद घायल को वाहन के नीचे से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार के साइलेंसर से उनकी पीठ भी झुलस गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अर्टिगा कार और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *