छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो कर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कटघर लालगंज की छात्राओं ने बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। प्रधानाचार्या अनुराधा गौतम की देखरेख में निकली इस रैली में छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और जोश के साथ देशभक्ति के नारे लगाए।
विद्यालय परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पुराना अस्पताल, तहसील और पावर हाउस होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान छात्राएं सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा, भारत माता की जय, महात्मा गांधी अमर रहें और सुभाष चंद्र बोस अमर रहें जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करती रहीं। तिरंगा यात्रा को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रैली के माध्यम से छात्राओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान लोगों ने भी छात्राओं के उत्साह की सराहना की।
रैली पुनः विद्यालय परिसर पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्या अनुराधा गौतम के साथ डॉ. सुनीता यादव, डॉ. सविता सिंह, कविता सिंह, माया देवी, सुषमा यादव, विजय लक्ष्मी, अर्पिता यादव, नेहा उपाध्याय, सुमित श्रीवास्तव, संजय सिंह सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *