फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र में जगह-जगह विद्युत पोल और तार टूटकर जमीन पर गिर गए हैं। पेड़ों के गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। लगातार वर्षा के कारण विद्युत विभाग के कर्मचारियों को क्षतिग्रस्त लाइनों और पोलों को दुरुस्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज हवा के कारण कई स्थानों पर सागौन, सफेदा और पाकड़ के पेड़ गिर गए। इससे विद्युत तारों के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही कई गांवों में आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र में लोग हैंडपंप के सहारे पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर जनरेटर से समरसेबल चलाकर पानी की जरूरत पूरी की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए लोग इन्वर्टर और जनरेटर वाले स्थानों का सहारा ले रहे हैं। वहीं लगातार वर्षा से खेतों में पानी भर गया है। कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। तेज हवाओं के कारण कई किसानों की धान की फसल भी खेतों में गिर गई है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय