आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला और तहबरपुर पुलिस ने गुरुवार तड़के अलग-अलग मुठभेड़ों में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 29,230 रुपये नकद, ग्न्ट-500 वाहन, पांच मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र में 20 अगस्त की सुबह करीब 3रू46 बजे पश्चिमपट्टी महलिया के पास चेकिंग के दौरान तहबरपुर की ओर सर्विस लेन से जा रही सफेद रंग की ग्न्ट-500 को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बरेली निवासी दिलकस और साहिल के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। मौके से करीब छह बदमाश तहबरपुर की ओर फरार हो गए। इसके कुछ देर बाद तहबरपुर पुलिस ने सुबह करीब 4रू29 बजे चकियादुबे रामपुर सर्विस रोड पर दुर्वासा ऋषि आश्रम की ओर से आ रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वाजिद के दाहिने पैर और फैजान के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिलकस (21), साहिल (22), वाजिद (23) और फैजान (27), सभी निवासी जनपद बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों के खिलाफ बरेली और बदायूं समेत विभिन्न जनपदों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अहरौला क्षेत्र की दो, तहबरपुर की दो, बिलरियागंज की दो तथा अम्बेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। आरोपितों ने आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर, बलिया और जौनपुर समेत अन्य जनपदों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य हाईवे के आसपास वाहन खड़ा कर नजदीकी गांवों में घरों की छत के रास्ते प्रवेश करते थे। इसके बाद ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर निर्धारित स्थान पर पहुंचते थे, जहां ैन्ट चालक उन्हें लेकर फरार हो जाता था। अहरौला क्षेत्र के पूराचित्तू (भवरूपुर) गांव में 14/15 अगस्त की रात घर की छत के रास्ते घुसकर बक्से और अलमारी से जेवरात व नकदी चोरी करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी गांव में एक अन्य घर से भी उसी रात जेवरात और नकदी चोरी की घटना हुई थी। तहबरपुर क्षेत्र के ओहनी रामेश्वरपुर गांव में 17 जुलाई की रात घर की छत के रास्ते घुसकर सोने के आभूषण और 45 हजार रुपये चोरी किए गए थे। वहीं 22 जुलाई को रमनीपुर गांव में घर के पीछे से घुसकर अलमारी से जेवरात व अन्य सामान चोरी किया गया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही थीं। अहरौला पुलिस ने दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की ग्न्ट-500, चार पेचकस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कटर, पांच मोबाइल फोन, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और 29,230 रुपये बरामद किए। तहबरपुर पुलिस ने एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस के साथ घटना से संबंधित अन्य साक्ष्य भी कब्जे में लिए। पुलिस के अनुसार गिरोह के चार अन्य सदस्य दिलशाद, आफताब, सोनू अली और नेसार फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अहरौला और तहबरपुर थाने में आर्म्स एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार