सड़क हादसे में सहायक अध्यापक की मौत

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुड़हर-लालगंज मार्ग पर बरदह थाना क्षेत्र के शंकरपुर मोड़ के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में सहायक अध्यापक चंदन कुमार 46 वर्ष पुत्र संतलाल, निवासी मुड़हर थाना गंभीरपुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चंदन कुमार विकास खंड ठेकमा के प्राथमिक विद्यालय भैसकुर में वर्ष 2013 से सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। मुड़हर-लालगंज मार्ग पर शंकरपुर मोड़ के पास अचानक सड़क पर बकरी आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी अंजू गौतम लालगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कार्यरत हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चंदन कुमार के एक 15 वर्षीय पुत्र ज्योतिष प्रसाद और तीन वर्षीय पुत्री अनु श्री गौतम हैं।
ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल ने बताया कि मृतक की पत्नी अंजू गौतम ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *