उड़ाका दल ने तीन नकलची छात्राओं को किया रिस्टीकेट

शेयर करे

आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर की चल रही परीक्षाओं के मध्य, कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर डॉ. पंकज सिंह, डॉ.शफीउज़्ज़मा एवं डॉ.सुरेंद्र पाण्डेय की उड़ाका दल की नोडल टीम ने श्री रामदवर पांडेय महाविद्यालय लारादपुर, ओरिल पर द्वितीय पाली की बीए चतुर्थ सेमेस्टर हिंदी प्रथम परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण में, श्योर सीरीज़ के साथ एक ही कमरे में तीन छात्राओं को नकल करते पकड़ते हुए रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंप दी।
टीम ने निरीक्षण के दौरान कमरे के बाहर से उसी विषय और प्रश्नपत्र की चार श्योर सीरीज़ और बरामद करते हुए उसे सीलबन्द कराकर विश्विद्यालय को सुपुर्द कर दिया। तृतीय पाली की परीक्षा में टीम ने मां बबुना महाविद्यालय बरदह में निरीक्षण के दौरान भी सामूहिक नकल पाते हुए विश्वविद्यालय को रिपोर्ट कर दिया। मंगलवार को बीएससी प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की बॉटनी की परीक्षा में फूला देवी मंगरू सिंह महाविद्यालय में भी सामूहिक नकल की शिकायत विश्वविद्यालय को प्रेषित की गई।
मीडिया प्रभारी डॉ.प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पवित्रता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी महाविद्यालयों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित को दोषी महाविद्यालय के विरुद्ध शीघ्र नियमानुसार कार्यवाही हेतु आदेशित करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा के संकल्प को दोहराया।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *