लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लालगंज में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। भीरा चौराहे पर जिओ पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से एक की हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। जिसने वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का हायर सेंटर में उपचार चल रहा है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित भीरा चौराहे पर उपरोक्त हादसा हुआ। लोहिया नगर (भगवानपुर) लालगंज निवासी 22 वर्षीय अनूप कुमार अपने दोस्त हिमांशु कुमार निवासी गोमाडीह, थाना गंभीरपुर के साथ बाइक से वाराणसी आजमगढ़ रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान जिओ पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक बाइक से गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से अनूप को निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं हिमांशु को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद