आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेलदेव विश्विद्यालय की सम सेमेस्टर की चल रही परीक्षाओं के मध्य, कुलपति प्रो0 संजीव कुमार के निर्देश पर डॉ. पंकज सिंह एवं डॉ. शफीउज़्ज़मा की उड़ाका दल की टीम ने गांधी त्रिवेणी स्मारक बरदह नोडल केंद्र से सम्बद्ध बाबा सहोरु दास स्मारक महाविद्यालय नन्दाव पर द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण में सामूहिक नकल पकड़ते हुए रिपोर्ट विश्विद्यालय को सौंप दी। टीम ने निरीक्षण के दौरान विश्विद्यालय द्वारा निर्धारित विविध मानकों का उल्लंघन भी पाया।
मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि, कुलपति ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पवित्रता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी महाविद्यालयों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित को दोषी महाविद्यालय के विरुद्ध शीघ्र नियमानुसार कार्यवाही हेतु आदेशित करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन परीक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार