अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निषाद समाज को जागरूक, शिक्षित और संगठित करने के उद्देश्य से रविवार को अहरौला क्षेत्र के लेदौरा (बनरपुरा) स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में निषाद समाज विकास मंच के तत्वावधान में विशाल जनसभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी एवं भाजपा नेता कन्हैयालाल निषाद मुख्य अतिथि तथा रामकिशुन निषाद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए रामकिशुन निषाद ने समाज की एकजुटता और जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनाव के दौरान कई लोग अलग-अलग वादों और प्रलोभनों के साथ समाज के बीच पहुंचते हैं और लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि अब समाज को स्वयं अपने हितों को समझना होगा और अपनी ताकत को पहचानना होगा। जब समाज एकजुट होगा, तभी उसकी आवाज मजबूती से सुनी जाएगी।
मुख्य अतिथि कन्हैयालाल निषाद ने कहा कि निषाद समाज विकास मंच का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, लोगों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना, समाज को जागरूक करना तथा समाजहित में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय लोगों के बीच तरह-तरह के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद जनता और युवाओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने समाज के लोगों से जागरूक होकर अपने हितों के लिए संगठित रहने की अपील की।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र निषाद सहित रामबरन निषाद, भूपति निषाद, आशीष निषाद, बंशी लाल निषाद, संजय निषाद आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे