बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी की तेज रफ्तार के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार टूटकर गिर गए, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। हालात यह हैं कि दूसरे दिन भी क्षेत्र के कई गांवों में बिजली बहाल नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के अनुसार, रातभर अंधेरे में समय गुजारना पड़ा और गुरुवार को भी कई गांवों में बिजली न आने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
बिजली विभाग के एसडीओ तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि 33 केवी लाइन का एक पोल टूट गया था, जिसे रात में ही ठीक करा लिया गया। इसके बाद पूर्वी और दक्षिणी फीडर की आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। पश्चिमी फीडर की सप्लाई भी कुछ ही देर में चालू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तरी फीडर की लाइन पर कार्य तेजी से चल रहा है और इसे शाम तक चालू कर दिया जाएगा। साथ ही कई स्थानों पर एलटी (लो टेंशन) के पोल टूटे हैं, जिनकी मरम्मत का काम जारी है।
बिजली विभाग का दावा है कि जल्द ही सभी प्रभावित गांव पड़री परानपुर, वरनापुर, बरोही फतेहपुर, इटौरा साटन, ऊंचाडीह सलेमपुर, लखेश्वर, शिवनगर बाजार, नगवां मैदो, कोठीहार किशुनदेव, भैसहा आदि गांवों में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन फिलहाल लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र