अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिजली विभाग द्वारा अतरौलिया क्षेत्र में बड़े बकायेदारों के खिलाफ कारर्वाई करते हुए राजस्व वसूली की गयी। इस दौरान बहुत से बकायेदारों के कनेक्शन काटे गये।
रविवार को नगर पंचायत अतरौलिया में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह व एसडीओ बृजेश कुमार राय के संयुक्त नेतृत्व में बिजली के बड़े बकायेदारों के खिलाफ राजस्व वसूली की गयी। बड़े बकायेदारों के घरों पर लगे मीटर कनेक्शन काटते हुए जप्त कर लिए गए। नगर पंचायत में चलाए गए इस अभियान में हड़कंप मचा रहा। नायब तहसीलदार तथा एसडीओ के संयुक्त नेतृत्व में लगभग एक लाख की राजस्व वसूली भी की गयी। वहीं जिन बकायेदारों के खिलाफ आरसी जारी हो चुकी थी उनके घरों पर लगे मीटर को जप्त किया गया। उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार राय ने बताया कि बिजली की चोरी रोकने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। साथ ही साथ 50 हज़ार से ऊपर के बड़े बकायेदारों के घरों से मीटर समेत कनेक्शन विच्छेदन किया जा रहा है। बिजली बिल संबंधित समस्याओं के लिए नजदीकी विद्युत उपकेंद्र पर आकर अपने बिजली बिल को आसान किस्तों में जमा कर सकते हैं। वहीं बिजली बिल संबंधित शिकायतों का निस्तारण भी किया जाता है। उपभोक्ता अपने बिजली बिल का भुगतान प्रत्येक माह करते रहें।
रिपोर्ट-आशीष निषाद