अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के देवारा पट्टी गांव के समीप गोवंश से लदे ट्रक को छोड़कर ड्राइवर व खलासी फरार हो गये। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गाड़ी व गोवंश को थाने लायी।
अंबेडकर नगर जनपद के जहांगीरगंज की तरफ से अतरौलिया सिकंदरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ आ रहा ट्रक जिसमें 18 गोवंश लदे हुए थे बीच रास्ते में ही देवरापट्टी गांव के समीप सड़क किनारे गड्ढे में स्टेयरिंग फेल होने से जाम हो गई जिसे वहीं छोड़कर ड्राइवर और खलासी फरार हो गए। सुबह भोर में मार्ग अवरुद्ध होने पर ट्रक खड़ी देखकर स्थानीय लोगों ने थाने पर सूचना दी। ट्रक की वजह से पेट की परीक्षा में सम्मिलित होने जा रहे छात्र-छात्राओं का जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में देखा तो 18 गोवंश लदे हुए थे जिसमें 4 गोवंश घायल स्थिति में थे। जेसीबी द्वारा ट्रक को हटाकर रास्ता खाली कराया गया। वहीं ट्रक में लदे गोवंश को नजदीकी गौशाला भेजा गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और खलासी तथा ड्राइवर के साथ ही ट्रक मालिक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद