अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया) स्थानीय थाना क्षेत्र के रतुवापार गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। शादी के 14 साल बाद भी संतान न होने के उलाहने और अक्सर होने वाले विवाद के चलते एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष के हस्तक्षेप और शरीर पर चोट के निशानों को देखते हुए मायके पास की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन नामजद लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमीन हरखोरी धनछुला निवासी सिम्पी सिंह (36 वर्ष) की शादी 14 वर्ष पूर्व रतूआपार निवासी पंकज सिंह पुत्र राम सिंह के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि संतान न होने के कारण पंकज और उसके परिवार वाले सिम्पी को प्रताड़ित करते थे और आए दिन घर में झगड़ा होता था।
बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में सिम्पी की मृत्यु हो गई। ससुराल पक्ष ने घटना को छिपाने की कोशिश की और सुबह आनन-फानन में दाह संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच, शादी में मध्यस्थता करने वाले व्यक्ति ने सिम्पी के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मायके वाले मौके पर पहुंचे।
मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता सूर्य प्रकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पंकज सिंह (पति), विनय सिंह (देवर) रामसिंह की पत्नी (सास), के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद