माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेंद्र कुमार ने शुक्रवार को माहुल में अवैध अस्पतालों के खिलाफ जबरदस्त छापेमारी अभियान चलाया। इस छापेमारी में उन्होंने एक अस्पताल की ओटी को सीज किया और पांच अस्पतालों को नोटिस जारी किया। छापेमारी से माहुल में हड़कंप मच गया और कई डाक्टर अपने अस्पताल का शटर गिरा कर भाग गए।
गनवारा बाजार में संजीवनी नर्सिंग होम की संचालिका डा. आशा यादव द्वारा अम्बेडकर नगर जिले की एक महिला को भर्ती कर गर्भाशय का आपरेशन 25 दिन पूर्व किया गया था। जिसमें महिला का रक्तस्राव बंद नहीं हुआ और उसकी हालत काफी बिगड़ गई और स्वजनों ने उसे प्रयागराज के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया बड़ी मुश्किल से उक्त महिला की जान बची।
दो दिन पूर्व महिला के पुत्र सत्येंद्र गिरी ने स्थानीय पुलिस के साथ ही स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अस्पताल संचालिका पर कार्यवाही की मांग किया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा आलेंद्र कुमार सबसे पहले संजीवनी नर्सिंग होम पर पहुंचे और अस्पताल की संचालिका को नोटिस देने के बाद वे माहुल बाजार में पहुंच कर चार अन्य अवैध अस्पताल संचालकों को भी नोटिस देकर एक सप्ताह के अंदर जवाब देने को कहा। उसके बाद डा0आलेंद्र कुमार बाजार के नई कालोनी स्थित सिटी हॉस्पिटल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सिटी हॉस्पिटल के आपरेशन कक्ष में तमाम तरीके की अनियमितताएं मिली उसके बाद उन्होंने आपरेशन कक्ष को सील कर दिया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा की गई इस छापेमारी की सूचना पर बाजार में हड़कंप मच गया। ज्यादातर अस्पताल संचालक अपना अपना शटर गिरा कर भाग गए। इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा आलेंद्र कुमार ने बताया कि बगैर पंजीकरण के जो भी अस्पताल चल रहे उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्यवाही होगी। किसी भी दशा में नागरिकों के स्वास्थ से खिलवाड़ नहीं होने दिया जायेगा।
रिपोर्ट-श्यामसिंह